बाणसागर बांध के 6 गेट खुलने से सोन नदी में बढ़ेगा जलस्तर, सीधी के 24 गांवों में हाई अलर्ट

बाणसागर बांध के 6 गेट खुलने से सोन नदी में बढ़ेगा जलस्तर, सीधी के 24 गांवों में हाई अलर्ट

 लगातार हो रही बारिश और बाणसागर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बढ़ती जल आवक को देखते हुए सोन नदी में जल प्रवाह बढ़ाया जाएगा। वही मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा द्वारा जारी सूचना के अनुसार बाणसागर बांध का जल स्तर बढ़कर 341.58 मीटर पहुंच गया है। अब निर्धारित जल स्तर बनाए रखने के लिए आज दोपहर 12 बजे बांध के 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर तक खोले जाएंगे, जिससे करीब 2454 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा।

इस बारे मे जल संसाधन विभाग के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर स्पिल ओवर के माध्यम से इससे अधिक पानी भी सोन नदी में छोड़ा जा सकता है। बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सीधी जिले के 24 गांवों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इनमें घुघटा, खैरी सहित सोन नदी के तटीय क्षेत्र में बसे कई गांव शामिल हैं।

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले में लगातार बारिश की स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को अपने-अपने मुख्यालय में उपस्थित रहकर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जहा उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और रेस्क्यू व राहत कार्य के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।

सीधी कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, RES, विद्युत विभाग, नगरीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अब सभी विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करेंगी।

गौरतलब है की प्रशासन ने सोन नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र और दोनों किनारों पर निवास करने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जहा अब लोगों को नदी के किनारों से दूर रहने तथा नदी में नहाने, मछली पकड़ने, नाव चलाने और अन्य गतिविधियों के लिए प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

वही अब कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें। आपदा या किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने 24 गांवों के ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Comment