---Advertisement---

Rewa news:उमरी खाद वितरण केंद्र पर भगदड़,अव्यवस्थित प्रबंधन से मचा हड़कंप

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Rewa news:उमरी खाद वितरण केंद्र पर भगदड़,अव्यवस्थित प्रबंधन से मचा हड़कंप, आधा दर्जन महिलाएं घायल

Rewa news : रीवा जिले सिरमौर जनपद अंतर्गत बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उमरी स्थित खाद वितरण केंद्र पर सोमवार को अफरातफरी का माहौल बन गया। सुबह से खाद और टोकन के इंतजार में जमा किसानों की भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई किसान घायल हो गए, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

सुबह से बंद गेट ने बढ़ाई बेचैनी

Rewa news : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी महाविद्यालय परिसर में खाद वितरण और टोकन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई थीं। किसान सुबह से गेट के बाहर टोकन का इंतजार कर रहे थे। गेट देर तक बंद रहने से भीड़ बेकाबू हो गई। जैसे ही गेट अचानक खोला गया, किसानों ने पहले टोकन पाने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू कर दी और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई।

महिलाओं की चीख-पुकार से दहला परिसर

इस दौरान महिलाओं और पुरुषों दोनों को चोटें आईं, लेकिन सबसे ज्यादा महिलाएं प्रभावित हुईं। कई महिलाएं जमीन पर गिर गईं और भीड़ के पैरों तले दब गईं। चीख-पुकार से पूरा परिसर गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत से महिलाओं और बुजुर्ग किसानों को भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

प्रशासन ने संभाली कमान

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एडीएम सपना त्रिपाठी, एएसपी आरती सिंह और एसडीओपी उमेश प्रजापति पुलिस बल के साथ तुरंत पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद किसानों को टोकन के आधार पर सुव्यवस्थित तरीके से खाद वितरण कराने की व्यवस्था शुरू कराई गई।

किसानों का प्रशासन पर आरोप

किसानों का कहना है कि यदि गेट को नियंत्रित तरीके से खोला जाता और स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। उनका आरोप है कि अव्यवस्थित प्रबंधन और अचानक गेट खोलने से यह हादसा हुआ। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और घायलों के इलाज की जिम्मेदारी उठाई है।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn