Mpnews:शब्दों की चोट से टूटी ज़िंदगी,पत्नी के इनकार और फेसबुक लाइव की चीख के बाद युवक ने दी जान
Mpnews:नरसिंहपुर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत खैरी नाका में गुरुवार सुबह एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 32 वर्षीय प्रमोद पिता पतिराम मेहरा ने पहले फेसबुक पर लाइव आकर अपने जीवन की पीड़ा दुनिया के सामने रखी और कुछ ही समय बाद अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना न केवल एक परिवार के टूटने की कहानी है, बल्कि रिश्तों में संवाद की कमी और मानसिक दबाव के भयावह परिणाम को भी उजागर करती है।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले प्रमोद और उसकी पत्नी सरिता के बीच मामूली घरेलू विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद पत्नी अपनी दो छोटी बच्चियों को लेकर मायके ग्राम बगासपुर चली गई। प्रमोद ने कई बार पत्नी और बच्चों को वापस लाने की कोशिश की, लेकिन हर प्रयास असफल रहा। पत्नी ने न केवल लौटने से इनकार किया, बल्कि बच्चियों को भी साथ भेजने से मना कर दिया, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर प्रमोद लगातार चिंतित था।
Mpnews:गुरुवार सुबह करीब 7 बजे प्रमोद ने फेसबुक पर लाइव वीडियो शुरू किया। वीडियो में वह बेहद भावुक नजर आया। उसने साफ शब्दों में कहा कि उसने पत्नी के साथ कभी मारपीट नहीं की और 8 तारीख को हुआ विवाद बेहद मामूली था। प्रमोद ने बताया कि जब वह पत्नी को लेने मायके गया, तो उसे अपमानजनक शब्द सुनने पड़े। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि पत्नी को कुछ लोग भड़का रहे हैं, जिनके कारण उसका घर टूट गया। उसने कहा कि उसने अपने परिवार के लिए कभी किसी चीज की कमी नहीं रखी, फिर भी उसे यह दिन देखना पड़ रहा है।
लाइव वीडियो के दौरान प्रमोद रो पड़ा। उसने बताया कि जब उसने पत्नी से पूछा कि अगर वह मर जाएगा तो क्या वह लौटेगी, तो जवाब मिला—“तू मर जाएगा तब भी मैं नहीं आऊंगी।” यही शब्द उसके लिए असहनीय साबित हुए। वीडियो के अंत में उसने न्याय की गुहार लगाई और कहा कि अब वह इस दर्द के साथ और नहीं जी सकता।
Mpnews:कुछ ही देर बाद प्रमोद ने आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। फेसबुक लाइव वीडियो में लगाए गए आरोपों को जांच का आधार बनाया जा रहा है। सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
