आस्था से संवाद तक, बिरसिंहपुर पाली में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का प्रभावी प्रवास
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सोमवार को अल्पप्रवास पर बिरसिंहपुर पाली पहुंचे। उनके आगमन पर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माता बिरासिनी के दर्शन से की। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने संगठन, प्रदेश और जनकल्याण के लिए कामना की।
दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहली बार माता बिरासिनी के दर्शन के लिए आए हैं। उन्होंने बताया कि माता की महिमा के बारे में पहले से काफी कुछ सुना था, लेकिन प्रत्यक्ष दर्शन का अनुभव बेहद आत्मिक और ऊर्जा से भर देने वाला रहा। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया।
माता बिरासिनी के दर्शन उपरांत श्याम टेलर स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह पहुंचे, जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। इस दौरान जिले और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
युवा संवाद को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गहराई से समझने, अनुशासन में रहकर कार्य करने और जनसेवा को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होता है जब कार्यकर्ता जमीन से जुड़े रहकर लोगों की समस्याओं को सुनते और समाधान के लिए प्रयास करते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक कार्य और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर अपने विचार रखे और संगठन से जुड़े अनुभव साझा किए। स्थानीय समस्याओं, संगठन विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। श्याम टेलर ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सुझावों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी उत्साह से काम करने के लिए प्रेरित किया।
युवा मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का यह अल्पप्रवास संगठन के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके सीधे संवाद से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ प्रदेश अध्यक्ष का प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
