---Advertisement---

प्रदेश में 22 लाख आकांक्षी, युवा संगम में 2.35 लाख आवेदन आए, केवल 90 हजार को मिला रोजगार

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

By राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

Published on:

---Advertisement---

प्रदेश में 22 लाख आकांक्षी, युवा संगम में 2.35 लाख आवेदन आए, केवल 90 हजार को मिला रोजगार

मध्य प्रदेश में रोजगार पंजीयन पोर्टल पर 22,51,167 आकांक्षी युवा दर्ज हैं, लेकिन नौकरी मिलने का आंकड़ा अपेक्षा से काफी कम है। प्रदेशभर में आयोजित ‘युवा संगम’ कार्यक्रमों में 2.35 लाख युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से केवल 90 हजार को ही रोजगार मिल पाया।राज्य सरकार जहां कौशल विकास और निजी क्षेत्र में अवसरों के विस्तार के दावे कर रही है, वहीं विधानसभा के बजट सत्र में बेरोजगारी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। आंकड़े बताते हैं कि पंजीयन बढ़ रहे हैं, पर स्थायी और सम्मानजनक रोजगार की उपलब्धता अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

पंजीयन में उतार-चढ़ाव

वर्ष 2018 से 2025 के बीच रोजगार पंजीयन के आंकड़ों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया। वर्ष 2023 में सर्वाधिक 13,71,134 युवाओं ने पंजीयन कराया, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 17,05,369 रही। 31 दिसंबर की स्थिति में जीवित पंजीयन वर्ष 2023 में 33.13 लाख तक पहुंच गया था, जो वर्ष 2020 में 24.72 लाख था। वर्ष 2025-26 में वर्तमान में 22 लाख 51 हजार युवा पंजीकृत हैं। बीते एक वर्ष में 95,130 नए बेरोजगार युवाओं ने पंजीयन कराया है।

युवा संगम: आवेदन ज्यादा, चयन कम

सरकार ने निजी कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किए। कुल 2,35,842 आवेदन आए, लेकिन 90 हजार युवाओं को ही रोजगार मिल सका। वर्ष 2024-25 में 10 कंपनियों ने 53,921 ऑफर लेटर जारी किए। इनमें औसत वेतन 5,000 से 28,000 रुपये के बीच रहा। प्रमुख नियुक्तियों में भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा 12,984, एलएंडटी द्वारा 6,230 और एसबीआई लाइफ द्वारा 4,402 ऑफर लेटर शामिल हैं।पांच मार्च को शाजापुर और 11 मार्च को बैतूल में भी युवा संगम कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें देश-प्रदेश की कंपनियां भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगी।

विधानसभा में गूंजा मुद्दा

हाल ही में हुए बजट सत्र में बेरोजगारी को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने रहे। मंत्री गौतम टेटवाल ने कौशल विकास योजनाओं और आईटीआई प्रशिक्षण को रोजगार का माध्यम बताया। इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि प्रशिक्षण के बाद रोजगार की गारंटी क्या है। उन्होंने निजी कंपनियों में प्रदेश के युवाओं के लिए 80 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग भी की।

18 जिलों में 50 हजार से अधिक बेरोजगार

प्रदेश के 18 जिलों रीवा, सागर, सतना, बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर, इंदौर, मुरैना, बैतूल, भिंड, छतरपुर, देवास, खरगोन, सिवनी, शिवपुरी, उज्जैन, नर्मदापुरम और राजगढ़ में 50 हजार से अधिक युवा बेरोजगार के रूप में पंजीकृत हैं।

आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि पंजीयन और कार्यक्रमों के बावजूद रोजगार सृजन की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है। अब नजर आगामी युवा संगम कार्यक्रमों और सरकार की नीतिगत पहल पर टिकी है।

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक सक्रिय और ज़मीनी पत्रकार हैं। वे लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं।

---Advertisement---
यह भी पढ़ें तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, इंडियन आर्मी के जवान ने कहा– ‘देश की रक्षा करता हूं, यहां व्यवस्था देख रोना आता है’
तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, इंडियन आर्मी के जवान ने कहा– ‘देश की रक्षा करता हूं, यहां व्यवस्था देख रोना आता है’

ग्राम अकऊरी में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, इंडियन आर्मी के जवान ने...

Share & Earn