होली के रंग में खून, डीजे बंद कराने की बात पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में होली के जश्न के बीच एक मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। डीजे बंद कराने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक पर टंगिया से हमला कर दिया। सिर पर किए गए प्राणघातक वार से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना 4 मार्च 2026 की सुबह करीब 5 बजे ग्राम छपरा टोला की है। बताया जा रहा है कि गांव में होली का उत्साह चरम पर था और लोग डीजे की धुन पर रंग-गुलाल के साथ जश्न मना रहे थे। इसी दौरान डीजे बंद कराने को लेकर गांव के ही सुनील सिंह गोंड और दीपक सिंह के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सुनील सिंह ने टंगिया उठा ली और दीपक सिंह के सिर पर हमला कर दिया।
हमला इतना अचानक और तेज था कि दीपक सिंह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पहले उसे मानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद फरियादिया ममता सिंह पति राजेश सिंह निवासी ग्राम छपरा टोला ने थाना मानपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके जेठऊत सुनील सिंह ने उनके रिश्ते के देवर दीपक सिंह पर जान से मारने की नीयत से हमला किया है। साथ ही आरोपी ने धमकी भी दी थी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी तो वह उसे भी टंगिया से काट डालेगा।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम और एसडीओपी पी.एस. परस्ते के निर्देशन में मानपुर थाना पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा देर तक फरार नहीं रह सका। घटना की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी सुनील सिंह गोंड (23 वर्ष) पिता शोभा सिंह गोंड निवासी छपराटोला ग्राम करौंदीटोला मानपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 333, 109 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं घायल युवक का इलाज शहडोल मेडिकल कॉलेज में जारी है।


