तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर, पुजेरीलाल मिश्रा घायल, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
एमपी के सीधी जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बाइक सवार व्यक्ति सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पुजेरीलाल मिश्रा (52) पिता स्वर्गीय नर्वदा मिश्रा, निवासी ग्राम महराजपुर थाना कोतवाली जिला सीधी, शुक्रवार को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 53 MF 4222 से सीधी से अपने घर महराजपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह पडेनिया चक्की के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहा एक ऑटो अचानक तेज गति और लापरवाही से उनकी बाइक के पास पहुंच गया।
वही बताया गया कि ऑटो क्रमांक MP 33 ZB 7289 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दाहिनी ओर मोड़ते हुए सीधे बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुजेरीलाल मिश्रा सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आ गईं।
जहा दुर्घटना में पुजेरीलाल मिश्रा के दाहिने पैर की एड़ी के ऊपर, घुटने के नीचे, जांघ और सीने में अंदरूनी चोट लगने से काफी दर्द और परेशानी हुई। घटना के समय मौके पर मौजूद संजय चतुर्वेदी निवासी ग्राहिरा ने तुरंत पहुंचकर घायल की मदद की और उन्हें संभाला। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कोतवाली अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि ऑटो चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
वही पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर लोगों में चिंता भी देखने को मिल रही है।

