छात्र हत्याकांड के बाद बढ़ा तनाव,दूसरे जिलों से बुलाया गया पुलिस बल
मध्य प्रदेश: सिंगरौली के मोरवा क्षेत्र में नाबालिग छात्र पवन शाह की हत्या के बाद इलाके में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीधी और रीवा से अतिरिक्त पुलिस बल सिंगरौली बुलाया गया है। वहीं मृतक के पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल और कलेक्टर कार्यालय में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिजनों व स्थानीय लोगों ने मामले की जांच मोरवा पुलिस से हटाकर किसी अन्य अधिकारी से कराने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के घर गिराने और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग भी की जा रही है। परिजनों ने भाजपा सिंगरौली के पूर्व जिलाध्यक्ष के भतीजे पर प्रशासनिक संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने पहले ही धमकी दी थी कि कहीं भी शिकायत कर लो उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र पवन शाह की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चार दिन से लापता छात्र का शव जंगल में मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं इस जघन्य हत्या से नाराज़ लोगों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा और मोरवा थाना के सामने उग्र भीड़ ने एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

