हनुमानगढ़ के जंगल में भीषण आग,आधा किलोमीटर तक फैली लपटें, रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ा खतरा, वन विभाग नदारद
सीधी जिले के ग्राम हनुमानगढ़ के जंगल में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हालात यह हैं कि अब आग धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
अब ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और न ही वन विभाग का कोई कर्मचारी। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
वही गांव के निवासी ब्रिज मोहन साकेत ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि गर्मी के मौसम में सूखी पत्तियों के कारण आग तेजी से फैलती है और कई बार बीड़ी-सिगरेट जैसी लापरवाही भी इसकी वजह बनती है।
रिहायशी इलाकों पर मंडरा रहा खतरा
इस आग की लपटें अब जंगल से निकलकर आबादी की ओर बढ़ने लगी हैं, जिससे गांव के लोगों में भय का माहौल है। लोग अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।
वन विभाग की लापरवाही उजागर
वही जब इस मामले में वनरक्षक श्रवण शुक्ल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी अभी तक नहीं थी और मीडिया के माध्यम से ही पता चला है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
जहा हर साल गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने से ये घटनाएं गंभीर रूप ले लेती हैं। हनुमानगढ़ की यह घटना एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और आपदा प्रबंधन की कमजोरियों को उजागर कर रही है।

