दूर होता दिखा 7 साल का प्यार…तो खूनी हमला, प्रेमिका पर ब्लेड से हमला कर युवक ने खुद का भी गला काटा
कानपुर। उत्तरीपुरा कस्बे में शनिवार दोपहर उत्तरी निवासी युवक ने घर में अकेली प्रेमिका को ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया और उसके बाद अपनी गर्दन और कलाई में ब्लेड मारकर खुद को भी घायल कर लिया। शोर सुन लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाकर दोनों को घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी भेजा।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने दोनों को कानपुर रेफर कर दिया।एक गांव निवासी युवती ने बताया कि उसे आज कानपुर जाना था इसलिए अपनी चचेरी बहन के साथ अपने उत्तरीपुरा स्थित घर पर कपड़े उठाने के लिए गई थी। आरोप है कि घर का दरवाजा खोलते ही पीछे से खजुरियानिवादा गांव निवासी अरविंद दिवाकर पुत्र रामखिलावन आ गया और धक्का मारकर कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इस दौरान उसकी चचेरी बहन घर के बाहर ही रह गई।
आरोप है कि युवक उससे बात करने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने साथ लाए ब्लेड और चाकू से गले और हाथ पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद युवक ने अपने हाथ और गले पर ब्लेड मारकर स्वयं को घायल कर लिया। शोर सुन आसपास के लोग पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और लहूलुहान युवक और युवती को उपचार के लिए सीएचसी भेजा।
युवती ने यह भी बताया कि हमलावर युवक और वह कक्षा तीन से कक्षा 10 तक साथ में पढ़ते थे। और दोनों के बीच दोस्ती है। इधर कुछ दिनों से उसने युवक से बात करना बंद कर दिया था लेकिन युवक बात करने का दबाव बना रहा था। वहीं युवक ने बताया कि सात वर्ष से दोनों के बीच प्यार है। बीते तीन माह से प्रेमिका किसी दूसरे युवक से बात करने लगी थी और उसको अनदेखा करना शुरू कर दिया था।
शनिवार को वह युवती के बुलाने पर आखिरी बार बातचीत करने गया था। इस दौरान युवती ने उसको धमकी दी कि आपके फोन में हमारे साथ की जो भी तस्वीरें हैं उनको हटा दो। समझाने पर वह नाराज होने लगी। इस दौरान उसने गुस्से में साथ लाए ब्लेड से युवती पर हमला कर कर दिया और खुद को भी घायल कर लिया। मौके से पुलिस को तीन ब्लेड और एक सूजा बरामद हुआ।
एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि युवक ने युवती को धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर खुद को भी घायल कर लिया है। दोनों का उपचार चल रहा है। दोनों खतरे से बाहर हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

