अमिलिया बाजार में फिर लगा लंबा जाम, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमिलिया बाजार में एक बार फिर भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्य चौराहे पर एक लोडेड ट्रक खराब हो जाने के कारण करीब एक घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक की बैटरी खराब होने के चलते वाहन अचानक बीच सड़क पर बंद हो गया। ट्रैक्टर की मदद से उसे हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक लोड होने के कारण ट्रक न आगे बढ़ सका और न ही पीछे हट पाया। स्थिति ऐसी बन गई कि मोटरसाइकिल तक के निकलने के लिए जगह नहीं बची।
जाम के चलते बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोग खासे परेशान नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमिलिया बाजार में आए दिन इसी तरह जाम लगता है, लेकिन स्थायी यातायात व्यवस्था के अभाव में समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
सूचना मिलते ही अमिलिया पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करने का प्रयास करती रही, हालांकि ट्रक के हटने तक व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रोज-रोज की इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

