सड़क बनी जानलेवा,पानी की तलाश में निकले चीतल की वाहन से टक्कर में मौत, जांच शुरू
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में एक बार फिर सड़क पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। उमरिया-भरौला मार्ग पर देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एक नर चीतल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चीतल किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उमरिया परियोजना मंडल के अंतर्गत कक्ष क्रमांक 826 के पास की है। जैसे ही स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी, वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण शुरू किया। मृत चीतल को वहां से हटाकर काष्ठागार में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृत चीतल लगभग 4 वर्ष का स्वस्थ नर था। अधिकारियों का मानना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जंगलों में पानी के स्रोत सूखने लगते हैं, जिससे वन्यजीव पानी की तलाश में सड़कों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं।
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि चीतल का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि वन क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड लिमिट सख्ती से लागू की जाए और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


