तेज रफ्तार बाइक बनी मौत का कारण, 70 वर्षीय महिला को गांव के ही 17 वर्षीय किशोर ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी बम्हनी के ग्राम ओबरहा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका शकुंतला रावत (पत्नी सुखलाल रावत) सुबह करीब 8 बजे अपने घर से आटा पिसाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान गांव का ही एक लगभग 17 वर्षीय किशोर तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए वहां से गुजरा और अनियंत्रित होकर महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इस घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर किया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल भेज दिया।
जहा दुर्भाग्यवश, रीवा ले जाते समय जमोड़ी थाना क्षेत्र के पास रास्ते में ही शकुंतला रावत ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बम्हनी ने मामले को संज्ञान में लिया। चौकी प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जहा यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है, खासकर जब नाबालिग वाहन चालक सड़क पर उतर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

