10 किलोमीटर तक पीछा, फिर छेड़खानी,सेमरिया में मनचलों की दबंगई पर टूटा गुस्सा, छात्राओं ने दिखाई हिम्मत, तीन आरोपी गिरफ्तार
एमपी के सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया के हनुमानगढ़ तिराहा में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कॉलेज से घर लौट रही छात्राओं के साथ बाइक सवार तीन युवकों द्वारा पीछा करने और छेड़खानी की वारदात ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। हालांकि इस दौरान छात्राओं ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़वा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्राएं बस से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी से ही बाइक सवार तीन युवक—जानू साकेत, धर्मेंद्र साकेत और लक्ष्मण साकेत—लगातार करीब 10 किलोमीटर तक उनका पीछा करते रहे। जैसे ही छात्राएं हनुमानगढ़ तिराहा के पास बस से उतरीं, तीनों युवकों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल नंबर मांगने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्राओं का हाथ पकड़ लिया और उनके साथ अशोभनीय हरकतें करने लगे।
जहा इस घटना से सहमी छात्राएं जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़ित छात्राओं ने जब पूरी घटना बताई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान छात्राओं ने भी हिम्मत दिखाते हुए मनचलों का विरोध किया और उन्हें सबक सिखाने में पीछे नहीं रहीं।
अब प्रत्यक्षदर्शी रामू कोल के अनुसार, जैसे ही लड़कियों ने शोर मचाया, ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपियों को छात्राओं से अलग किया। इसके बाद उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई।
वही सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

