भोपाल में वर्चस्व की लड़ाई का वीडियो वायरल,युवक के साथ अमानवीय मारपीट, तीन आरोपी हाल ही में जेल से रिहा
भोपाल, शबरी नगर। राजधानी के शबरी नगर क्षेत्र में आपसी वर्चस्व की लड़ाई का एक गंभीर मामला सामने आया है।
दो दिन पहले हुई मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। जानकारी के अनुसार, प्रेम थापा, गट्टू उर्फ “पिस्टल” और रोहित पंवार नामक तीन युवकों ने यश उर्फ भय्यू नाम के युवक के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर उसके साथ अत्यंत अमानवीय व्यवहार किया और गंभीर रूप से घायल कर छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुए हैं— प्रेम थापा करीब दो महीने पहले सेंट्रल जेल भोपाल से बाहर आया था, रोहित पंवार लगभग 20 दिन पहले बाल संप्रेक्षण गृह, सिवनी से रिहा हुआ, वहीं गट्टू पिस्टल करीब 10 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना आपराधिक गिरोहों के बीच वर्चस्व स्थापित करने को लेकर हुई।
पीड़ित युवक यश उर्फ भय्यू का संबंध एक अन्य गिरोह से बताया जा रहा है, जिसका सरगना फिलहाल जेल में बंद है और उस पर पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

