सीधी कलेक्टर ने सिहावल CHC में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
एमपी के सीधी जिले के सिहावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सभागार में आज माननीय कलेक्टर महोदय द्वारा स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर सुपरवाइजर, एएनएम, सीएचओ एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित रहे।
सीधी कलेक्टर महोदय ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपनी प्रभावी उपस्थिति (Effective Presence) के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से संस्थागत प्रसव पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में एक भी मातृ मृत्यु न हो, इसके लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
इस बैठक के दौरान सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि विकासखंड स्वास्थ्य सूचकांकों में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए भविष्य में सुधार न होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई।
जहा इसके पश्चात कलेक्टर महोदय ने सिहावल स्थित एनआरसी (Nutrition Rehabilitation Center) का निरीक्षण किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों को बेहतर उपचार, पोषण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की माताओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वही निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनआरसी में भर्ती हितग्राहियों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर महोदय ने बेहतर कार्य करने वालों को भविष्य में “स्टार ऑफ द मंथ” से सम्मानित करने की घोषणा भी की।

