अमिलिया में गांजा खेती का खुलासा,पुलिस दबिश पड़ते ही खेत छोड़ भागा आरोपी, लाखों की अवैध फसल नष्ट
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे की बाड़ी से गांजा के पौधे जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में अमिलिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बताया गया कि 4 मई 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण और अपराधियों की तलाश में निकली हुई थी। इसी दौरान अमिलिया बाजार में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हौदाबांध निवासी द्वारिका प्रसाद पटेल अपने घर के पीछे बाड़ी में अवैध रूप से गांजा के पौधे उगा रहा है और उन्हें बिक्री के लिए तैयार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने बाड़ी की तलाशी ली, जहां चार हरे गांजा के पौधे लगे मिले। पुलिस ने मौके पर ही पौधों को उखाड़कर जब्त किया और उनका वजन कराया।
जप्त किए गए गांजा पौधों का कुल वजन 3 किलो 970 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार 900 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पूरी कार्रवाई पंचनामा तैयार कर साक्षियों की मौजूदगी में पूरी की।
अमिलिया थाना पुलिस ने आरोपी द्वारिका प्रसाद पटेल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

