सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा,गैस सिलेंडर लेने जा रहे युवकों की बाइक से भिड़ी दूसरी मोटरसाइकिल, तीन गंभीर घायल
एमपी के सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चमरौहा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। एक बाइक पर सवार प्रदीप सिंह और अनंत सिंह निवासी बम्हना सरई गैस सिलेंडर लेने के लिए अमिलिया की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर कमलेश केवट निवासी परसोना अपने भाई को बस में बैठाकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम चमरौहा के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जहा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और अमिलिया थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया।
अब 108 एंबुलेंस में पदस्थ दीनदयाल मिश्रा ने बताया कि हादसे में तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
वही ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराने की मांग की है।

