संवाददाता अनिल शर्मा
सीधी जिले की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक प्रसिद्ध बढ़ौरा मलमास मेला इस वर्ष 17 मई 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को ग्राम पंचायत बढ़ौरा में आयोजित तैयारियों की समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार गोपद बनास एकता शुक्ला एवं सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा ने मेले स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिषद में कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, व्यवस्था समिति के अध्यक्ष, आसपास के दुकानदार एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बढ़ौरा मलमास मेला सीधी जिले की धार्मिक पहचान माना जाता है, जो प्रत्येक तीन वर्ष में अधिक मलमास के अवसर पर आयोजित होता है। पूरे एक माह तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है।
थाना प्रभारी केदार परौहा ने मेले में पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नायब तहसीलदार एकता शुक्ला ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर ली जाएंगी।
धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और जनसमूह की विशाल सहभागिता का केंद्र बनने वाला बढ़ौरा मलमास मेला एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बनने जा रहा है।


