जमीनी विवाद ने लिया नया मोड़,आनंद बैगा के घर में फेंके गए गाय के मांस और हड्डियां, गांव में तनाव का माहौल
सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेड़रा में जमीनी विवाद को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव निवासी आनंद बैगा पिता जगदीश बैगा (दद्दु) ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले शिवनाथ साकेत पिता ललवा साकेत तथा महिपाल साकेत पिता शिवनाथ साकेत ने उनके घर के आंगन और आसपास गाय के मांस एवं हड्डियां फेंक दीं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई है और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित आनंद बैगा के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब उन्होंने अपने घर के आंगन में गाय के मांस और हड्डियां पड़ी देखीं तो वे हैरान रह गए। उनका आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। आनंद बैगा का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार मामूली मारपीट और कहासुनी की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
आनंद बैगा ने बताया कि जिस भूमि को वह अपनी पुश्तैनी जमीन बताते हैं, उस पर दूसरा पक्ष भी दावा कर रहा है। इसी विवाद के चलते उनके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मामले की शिकायत स्थानीय लोगों के साथ पुलिस से भी की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।

