बछिया की तलाश में निकला ग्रामीण बना गोलीकांड का शिकार, कुएं से बरामद हुई अवैध बंदूक
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा अमड़ी में हुई गोली लगने की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध देशी भरमार बंदूक से चली गोली के छर्रे लगने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के करीब 17 दिन बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार 21 मई की रात ग्राम खैरा अमड़ी निवासी नन्हेलाल अगरिया अपनी गाय की बछिया खोजने घर से निकला था। काफी तलाश के बाद वह छपरी हार के जंगल क्षेत्र में पहुंचा। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी और उसके शरीर के कई हिस्सों में छर्रे धंस गए। छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घायल ने पुलिस को बताया कि घटना के कुछ ही क्षण बाद गांव का धनिया उर्फ धनीराम यादव हाथ में बंदूक लिए उसके पास पहुंचा। आरोपी ने कहा कि गोली गलती से चल गई और किसी को जानकारी नहीं देने की बात कहते हुए इलाज कराने का भरोसा दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने घायल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव लौट आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बिना लाइसेंस की देशी भरमार बंदूक को उसने अपने खेत के कुएं में फेंक दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं में तलाश अभियान चलाया और बंदूक बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियार रखने और लापरवाहीपूर्वक उनका उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरे अभियान में कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके चलते फरार आरोपी कानून के शिकंजे में आ सका।


