मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में कांग्रेस का सत्याग्रह, पाली में उपवास रख भाजपा पर साधा निशाना
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में प्रदेशव्यापी एक दिवसीय उपवास एवं सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत उमरिया जिले के पाली विकासखंड में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाली के अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में अंबेडकर चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपवास रखकर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने “रघुपति राघव राजाराम” भजन-कीर्तन का गायन करते हुए देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सद्बुद्धि की कामना की। कार्यक्रम में भाजपा की कथित लोकतंत्र विरोधी नीतियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया में हस्तक्षेप के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि चुनावी मुकाबले में कमजोर पड़ने पर भाजपा विभिन्न हथकंडों का सहारा लेती है और यह मामला उसका ताजा उदाहरण है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रकाश उपाध्याय, संजीव खंडेलवाल, लाल बहादुर सिंह, प्रमोद उपाध्याय, लक्ष्मण कुशवाहा, मनीष सिंह, ऊषा कोल, कृष्णकांत अवधिया, रामबिहारी उपाध्याय, मुन्नीबाई नामदेव, सियाबाई, जानकी मिश्रा, रमेश सिंह सेंगर, साकिर खान, बब्लू शर्मा, प्रदीप तिवारी, शनू उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सत्याग्रह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल, कांग्रेस सेवा दल महिला प्रदेश अध्यक्ष संगीता कनकरिया एवं जिला प्रभारी संध्या वर्मा ने भी भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

