---Advertisement---

3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, पटवारी निलंबित; SDM चुरहट ने की बड़ी कार्रवाई

अमित श्रीवास्तव

By अमित श्रीवास्तव

Published on:

---Advertisement---

3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, पटवारी निलंबित; SDM चुरहट ने की बड़ी कार्रवाई

चुरहट। सोशल मीडिया पर सीमांकन की पुष्टि के नाम पर किसान से 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमुनिहा हल्का नंबर-02 के पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद ने तहसीलदार रामपुर नैकिन की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।

मामले के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो में पटवारी पर सीमांकन पुष्टि के एवज में 3 हजार रुपये की अवैध राशि मांगने का आरोप लगा। शिकायत सामने आने के बाद तहसीलदार रामपुर नैकिन ने 28 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर पटवारी से जवाब मांगा था।

तहसीलदार की रिपोर्ट के अनुसार 29 जून को पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत से नायब तहसीलदार के माध्यम से दूरभाष पर संपर्क कर शाम 5 बजे तहसील कार्यालय बुलाया गया, लेकिन उन्होंने कार्यालय आने से इनकार कर दिया। साथ ही वायरल ऑडियो को लेकर अपना कोई पक्ष या स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत नहीं किया। इसे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और गंभीर कदाचार माना गया।

जांच प्रतिवेदन में कहा गया कि प्रथम दृष्टया वायरल ऑडियो से भ्रष्टाचार और कदाचार की संलिप्तता प्रतीत होती है, जिससे राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। तहसीलदार ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रतिवेदन एसडीएम को भेजा था।

प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद एसडीएम विकास कुमार आनंद ने पाया कि संबंधित पटवारी ने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं भ्रष्टाचार से जुड़े आचरण का परिचय दिया है, जो मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि में रघुनाथ प्रसाद साकेत का मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

---Advertisement---
यह भी पढ़ें कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.100 किलो अवैध गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.100 किलो अवैध गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

Sidhi news:पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला...

Share & Earn