बारिश से बढ़ा जलस्तर, जोहिला बांध के दो गेट खुले,देखे वीडियो
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
लगातार हो रही बारिश का असर अब उमरिया जिले के जलाशयों पर भी दिखाई देने लगा है। बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र (एसजीटीपीएस) के अधीन जोहिला बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर मंगलवार को एहतियातन छह में से दो गेट करीब दो-दो मीटर तक खोल दिए गए। गेट खुलते ही तेज वेग से बहते पानी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बांध परिसर पहुंच गए।
बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और कस्बों से लोग मौके पर पहुंचने लगे। कई लोग गिरते पानी का वीडियो और फोटो अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखाई दिए। हालांकि प्रशासन और बांध प्रबंधन ने लोगों से सुरक्षा घेरा पार नहीं करने और बांध के किनारे अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की।
बांध प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जोहिला बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। जलस्तर को सुरक्षित सीमा में बनाए रखने और किसी भी संभावित जोखिम से बचने के लिए दो गेट खोले गए हैं। बांध से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जोहिला बांध के गेट खुलने के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने की अपील करते हुए प्रशासन ने कहा है कि बारिश के मौसम में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
बांध क्षेत्र में सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है तथा पुलिस बल और बांध कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही ग्राम सचिव, पटवारी और पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहता है और जलस्तर में और वृद्धि होती है, तो आवश्यकता के अनुसार अन्य गेटों के संचालन में भी बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।


