एनएच-43 पर पुलिस की सख्ती, अवैध गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, मामला दर्ज
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में अवैध खनिज परिवहन पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पाली थाना क्षेत्र की घुनघुटी चौकी पुलिस ने एनएच-43 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया और संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घुनघुटी चौकी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरती दिखाई दी। वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर चालक से रॉयल्टी पर्ची, परिवहन अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा। हालांकि चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पूछताछ में पप्पू प्रसाद यादव (23 वर्ष), पिता रामनरेश यादव, निवासी ग्राम नेऊसा, थाना पाली के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि गिट्टी का परिवहन निर्धारित नियमों का पालन किए बिना किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
घुनघुटी चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4 एवं 21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिट्टी का उत्खनन किस स्थान से किया गया था, उसका स्रोत क्या था और उसे किस गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा था। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जिले के प्रमुख मार्गों, विशेष रूप से एनएच-43 पर नियमित रूप से वाहन जांच की जा रही है ताकि बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
श्री चतुर्वेदी का कहना है कि अवैध खनिज परिवहन से शासन को राजस्व की हानि होती है और इससे खनन नियमों का भी उल्लंघन होता है। इसी कारण पुलिस और खनिज विभाग संयुक्त रूप से ऐसे मामलों पर निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी जिले भर में सघन जांच अभियान जारी रहेगा और अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


