विभिन्न विद्यालय के प्रतिभाओं का किया गया सम्मान
सीधी . अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) 9 जुलाई 1949 को स्थापित आज अपने 78वें स्थापना दिवस के साथ सात दशक से अधिक की छात्र-यात्रा पूरी कर रही है। यह केवल एक छात्र संगठन की वर्षगांठ नहीं, बल्कि उस विचार का उत्सव है जो विद्यार्थियों को ‘भविष्य का नागरिक’ नहीं, बल्कि ‘आज का सक्रिय नागरिक’ मानता है।’ज्ञान, शील और एकता’ के मूल मंत्र के साथ परिषद ने शिक्षा, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा को अपने कार्य का आधार बनाया। छात्रहित से जुड़े मुद्दों-गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रवृत्ति, छात्रावास, शोध, नवाचार और रोजगारोन्मुख शिक्षा पर संगठन ने निरंतर कार्य किया हैl आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर सीधी द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाओं का सम्मान एवं उत्साह वर्धन किया गया इस प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोज कुमार पांडे वरिष्ठ पत्रकार एवं मुख्य वक्ता के रूप में श्री पवन द्विवेदी प्रांत सहमंत्री महाकौशल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मनोज कुमार पांडे द्वारा अपने भाषण में कहा गया कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, समय का सदुपयोग, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी हैं। पुरस्कार केवल आपकी उपलब्धि का प्रतीक है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य अपने ज्ञान, चरित्र और व्यक्तित्व का निरंतर विकास करना होना चाहिए।
जो विद्यार्थी आज सम्मानित नहीं हो पाए हैं, उन्हें भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है। यह समारोह आपको और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है। याद रखिए, असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण चरण है।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री पवन द्विवेदी प्रांत सहमंत्री महाकौशल द्वारा कहा गया कि आज का भारत युवाओं का भारत है। देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना से भी जुड़े हों। आप सभी अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बनें, यही हमारी अपेक्षा है। कार्यक्रम के अंत में नगर मंत्री सौरभ मिश्रा द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए हुए छात्र-छात्राओं का आभार ज्ञापित किया गया कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित विभाग संगठन मंत्री शिव सिंह जिला संयोजक अभिषेक चतुर्वेदी प्रांत कार्यसमिति सदस्य अंजना साहू प्रांत कार्यकारिणी सदस्य स्नेहा द्विवेदी महाविद्यालय अध्यक्ष दुर्गेश साहू, ऋतिक शुक्ला बागीश मिश्रा सिमरन सोनी अनुराधा पाठक निशांत वर्मा अभिषेक मिश्रा राजबहादुर प्रजापति रवि साकेत अभिनव परिहार आदित्य चौहान एवं अन्य सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


