---Advertisement---

₹20 हजार मांगने का आरोप, ऑपरेशन नहीं होने से प्रसूता की मौत! जिला अस्पताल में हंगामा, कलेक्टर पहुंचे; जांच के आदेश

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

By राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

Published on:

---Advertisement---

₹20 हजार मांगने का आरोप, ऑपरेशन नहीं होने से प्रसूता की मौत! जिला अस्पताल में हंगामा, कलेक्टर पहुंचे; जांच के आदेश

सीधी। जिले के जिला अस्पताल में बुधवार को एक 28 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही के साथ-साथ ऑपरेशन के नाम पर ₹20 हजार मांगने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों ने शव ले जाने से इनकार कर दिया और अस्पताल परिसर में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और जांच के आदेश दिए।

जानकारी के अनुसार, सोनाखाड़ गांव निवासी दयावती जायसवाल (28) को मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उनका उपचार डॉ. सुनीता तिवारी द्वारा किया जा रहा था। मृतका की सास रामकली जायसवाल का आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए ₹20 हजार की मांग की थी। जब परिवार पैसे नहीं दे सका तो समय रहते ऑपरेशन नहीं किया गया, जिससे उनकी बहू की हालत बिगड़ती चली गई।

मृतका के पति महेंद्र जायसवाल ने बताया कि जब वह पत्नी को अस्पताल लेकर आए थे तब उसकी स्थिति सामान्य थी। डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही थी, लेकिन ऑपरेशन नहीं किया गया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से उन्हें पत्नी की मौत की सूचना दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने डॉक्टरों से ऑपरेशन नहीं करने का कारण पूछा तो किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और संबंधित डॉक्टर वहां से चली गईं।

घटना के बाद अस्पताल में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतका के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल परिसर में न्याय की मांग करते रहे और स्पष्ट कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

इधर, सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से यह आरोप लगाया गया है कि गलत इंजेक्शन लगाने से शरीर में संक्रमण हुआ, जिसके कारण मौत हुई। फिलहाल सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि जांच के लिए एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक सहित अन्य अधिकारियों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक सक्रिय और ज़मीनी पत्रकार हैं। वे लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं।

---Advertisement---
यह भी पढ़ें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिलेगी पूरी सुविधा– विधायक
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिलेगी पूरी सुविधा– विधायक

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिलेगी पूरी सुविधा– विधायक *प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डांगा का विधायक...

Share & Earn