24 घंटे बाद खत्म हुआ इंतजार, उमड़ार बांध से बरामद हुआ शिवम सोनी का शव
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उमड़ार बांध में नहाने के दौरान लापता हुए युवक शिवम सोनी का शव लगभग 24 घंटे तक चले लगातार रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद कर लिया गया। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ बांध में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। घटना के बाद शुरू हुआ सर्च अभियान देर रात तक जारी रहा और अंततः एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार शिवम सोनी अपने तीन दोस्तों के साथ उमड़ार बांध में नहाने पहुंचा था। चारों युवक पानी में उतरे थे, तभी शिवम अचानक गहरे हिस्से में चला गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया। घबराए साथियों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हो गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक स्तर पर स्थानीय गोताखोरों और पुलिसकर्मियों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन कई घंटों की खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर और सीधी से एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को बुलाया गया।
करीब 24 घंटे तक चले इस संयुक्त रेस्क्यू अभियान में उमरिया और शहडोल की एसडीआरएफ टीमों के साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन के 20 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार जुटे रहे। पानी की अधिक गहराई और सीमित दृश्यता के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा। आखिरकार जबलपुर से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बांध से बाहर निकाल लिया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राखी सहाय, पुलिस अधीक्षक विजय बागवानी, अतिरिक्त कलेक्टर प्रमोद सेन गुप्ता और एसडीएम अंबिकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की और समय-समय पर अधिकारियों से जानकारी लेते रहे। शव मिलने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया था। लगभग 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने शव बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
यह हादसा बरसात के मौसम में बांधों और गहरे जलाशयों में नहाने के जोखिम की गंभीर याद दिलाता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और गहरे पानी में उतरने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


