कुसमी मॉडल स्कूल में नशा मुक्ति की पाठशाला, थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
अमित श्रीवास्तव
सीधी के थाना कुसमी द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ अभियान 2.0 के अंतर्गत शासकीय मॉडल स्कूल कुसमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ अभियान 2.0 विषय पर खुली चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल एवं प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र में बच्चों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
अंत में सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा जीवन में सदैव नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प कराया गया। विद्यालय परिवार ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

