खुले कुएं ने निगल ली दो मासूम जिंदगियां: खेलते-खेलते चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम..
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत खोहरी गांव में शनिवार को एक हृदय विदारक हादसे में चचेरे भाई-बहन की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गई। खेलते-खेलते दोनों मासूम घर की बाड़ी में बने खुले कुएं के पास पहुंच गए और असंतुलित होकर उसमें गिर गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत में धान की रोपाई करने गए हुए थे। घर पर बच्चों की छोटी चाची मौजूद थीं, जो भोजन बनाने के लिए घर के अंदर चली गईं। इसी दौरान तीन वर्षीय प्रयाग और चार वर्षीय सालवी खेलते-खेलते घर की बाड़ी में स्थित खुले कुएं तक पहुंच गए और उसमें गिर गए। किसी की नजर उन पर नहीं पड़ सकी।
शाम को जब परिवार के सदस्य खेत से लौटे तो दोनों बच्चे घर में नहीं मिले। परिजनों ने गांव और आसपास काफी देर तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जब घर की बाड़ी में बने कुएं में देखा गया तो दोनों बच्चों के शव पानी में तैरते मिले। यह दर्दनाक दृश्य देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
शहडोल सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि मृतकों की पहचान तीन वर्षीय प्रयाग, पिता गंभीर सिंह तथा चार वर्षीय सालवी, पिता विश्वनाथ के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित कुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कुओं को सुरक्षित करने की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

