छुहिया घाटी में रफ्तार का कहर,घाटी में बीच सड़क में दो हिस्सों में टूटा ट्रक
अगला हिस्सा गहरी खांई में गिरा, चालक गंभीर
सीधी
जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित छुटिया घाटी में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक दो हिस्सों में बंट गया। वाहन का अगला हिस्सा पहाड़ी से नीचे जा गिरा, जबकि पिछला हिस्सा सड़क पर ही रह गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है।
क्रेन की मदद से हटाया गया ट्रक का पिछला हिस्सा
हादसे की सूचना मिलते ही पिपरांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि सड़क पर पड़े ट्रक के पिछले हिस्से को हटाने के लिए जेसीबी और क्रेन की सहायता से सड़क पर फंसे ट्रक के पिछले हिस्से को हटाया गया, ट्रक का हिस्सा हटाए जाने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई गई।
हादसे के कारण छुहिया घाटी मार्ग पर कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना बना हादसे का कारन
इस घटना का कारण प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घायल चालक और ट्रक मालिक की पहचान सहित अन्य जानकारी जुटाने में लगी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया
प्रत्यक्षदर्शी शैलेंद्र सिंह सोंगर ने बताया कि सुबह सड़क पर लोगों की भीड़ देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी। मौके पर पहुंचने पर ट्रक दो हिस्सों में टूटा हुआ मिला और चालक गंभीर हालत में पड़ा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से घाटी एवं पहाड़ी मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा तीखे मोड़ों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

