यूनियन बैंक कुसमी में हफ्तेभर से कैश की किल्लत, खाली हाथ लौट रहे हितग्राही
त्योहारों के बीच बढ़ी परेशानी, पेंशनधारियों और जरूरतमंद परिवारों को पैसे के लिए भटकना पड़ रहा
एमपी के सीधी जिले के कुसमी स्थित यूनियन बैंक शाखा में करीब एक सप्ताह से कैश की किल्लत बनी हुई है। पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण बैंक पहुंच रहे हितग्राहियों को बिना पैसे लिए ही वापस लौटना पड़ रहा है। बैंक से जुड़े कियोस्क केंद्रों पर भी नकदी की कमी की शिकायत सामने आ रही है।
जहा कैश काउंटर पर पदस्थ बैंककर्मी ने फोन पर बताया कि करीब एक सप्ताह से कैश वाहन शाखा तक नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण बैंक में नकदी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वही इसका सीधा असर आम खाताधारकों और जरूरतमंद हितग्राहियों पर पड़ रहा है।
अब लगातार बारिश के बीच आदिवासी अंचल में लोगों की परेशानियां पहले से बढ़ी हुई हैं। कई परिवारों के घर बारिश में क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और रोजमर्रा की खाद्य सामग्री खरीदने तक के लिए लोगों को नकदी की जरूरत है। वही ऐसे समय में बैंक में कैश नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
इस समय त्योहारों का समय होने के कारण भी लोगों को पैसों की जरूरत है। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर खरीदारी शुरू हो गई है, लेकिन बैंक से नकदी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जहा सबसे ज्यादा दिक्कत वृद्धावस्था पेंशन पर निर्भर हितग्राहियों को हो रही है। कोडार निवासी वृद्धावस्था पेंशन हितग्राही बाबादीन यादव ने बताया कि वे बैंक से पैसे निकालने पहुंचे थे, लेकिन नकदी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कियोस्क संचालकों के यहां भी प्रयास किया, लेकिन वहां भी पैसे नहीं मिले। आखिरकार उन्हें निराश होकर खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
वही ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द शाखा में पर्याप्त कैश उपलब्ध कराया जाए, ताकि पेंशनधारियों, जरूरतमंद परिवारों और आम खाताधारकों को राहत मिल सके।