बस हादसे में 1 की मौत, 29 यात्री घायल
कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल, पीएम राहत फंड से मदद के प्रयास
मंदसौर। जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी यात्री बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए। हादसा शामगढ़ से मंदसौर आ रही निजी बस के ग्राम डीगांव के पास माल्या रोड पर अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार बस शामगढ़ से मंदसौर की ओर आ रही थी। इसी दौरान अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदसौर सीएसपी, शहर कोतवाली टीआई, स्थानीय तहसीलदार और क्षेत्र की एसडीओपी कीर्ति बघेल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
इधर जिला अस्पताल में घायलों का हाल जानने कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी विनोद कुमार मीणा भी पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य विभाग को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने बताया कि हादसे की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही मृतक और घायलों को प्रधानमंत्री राहत फंड से सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

