पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपी फरार, गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम

कटनी जमीन सौदा कांड में बड़ा एक्शन: पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपी फरार, गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम

कटनी। बहुचर्चित जमीन सौदा कांड में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पूर्व नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया समेत तीनों नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए देश से बाहर निकलने की कोशिश कर सकते हैं। इसी के मद्देनजर तीनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित एसआईटी (SIT) और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों एवं संपर्क सूत्रों की लगातार पड़ताल कर रही हैं। आरोपियों के मकानों समेत कई संभावित स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन कार्रवाई के दौरान वहां ताले मिले।

जिस पूर्व CSP पर कभी शहर की कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी थी, वही अब पुलिस की गिरफ्तारी से बचती नजर आ रही हैं। पुलिस अब आरोपियों के संभावित संपर्कों, आवाजाही और ठिकानों की जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।

अब सवाल यही है—जमीन सौदा कांड के तीनों आरोपी आखिर कहां हैं? पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment