संवाददाता अनिल शर्मा
सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिहावल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास का आधार बनती है। उन्होंने उपस्थित गुरुजनों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि “गुरु ही राष्ट्र निर्माण के सच्चे शिल्पकार हैं।” उन्होंने कहा कि गुरु समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण होकर देश के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, शिक्षा को जीवन का सर्वोच्च साधन मानने तथा कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
विधायक श्री पाठक ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। उनके आदर्श, संस्कार और मार्गदर्शन से ही एक सशक्त, शिक्षित और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रतिभाशाली एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक श्री पाठक ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज के मेधावी छात्र ही कल के सफल नागरिक बनकर देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष विमलेश रावत, सिद्धार्थ गौतम, गजराज सिंह चंदेल, अर्जुन उपाध्याय, बीईओ धर्मराज सिंह, प्राचार्य कृष्ण कुमार पटेल, संकुल प्राचार्य ज्ञानेंद्र द्विवेदी, फजल अहमद, जितेंद्र सिंह, संतोष पाठक, रामनारायण यादव, रामसिया विश्वकर्मा, दिवाकर शुक्ला, पुष्पेंद्र मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


