भाजपा मंडल पाली ने श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई संत शिरोमणि रविदास जयंती
उमरिया तपस गुप्त (7999276090)
भारतीय जनता पार्टी मंडल पाली द्वारा बुधवार को संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जयंती श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कचोरा मोहल्ला स्थित कुटिया दरबार मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन, विचारों और समाज सुधार के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने उपदेशों के माध्यम से समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर सभी लोगों को समान दृष्टि से देखने का संदेश दिया, जो वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राधा तिवारी ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में सौहार्द, समरसता और एकता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं मंडल महामंत्री विमल अग्रवाल तथा सहसंयोजक कामता विश्वकर्मा ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों से जोड़ते हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल, नगर पालिका एल्डरमैन चिंटू सोनी, राजकुमार खरे, भोला विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा, अनुपम वर्मा, किशन कोरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संत रविदास जी के बताए आदर्शों पर चलने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।


