खंड चिकित्सा अधिकारी की दबिश, झोलाछाप डॉक्टर पर गिरी गाज मचा हड़कंप
सीधी/सिहावल। सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र में अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बड़ी छापामार कार्रवाई की। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिकेश शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत बमुरी के रामपुर में संचालित एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर अचानक दबिश दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लिनिक की जांच की, जहां उपचार में उपयोग की जा रही दवाइयां, इंजेक्शन, मेडिकल उपकरण एवं अन्य उपचार संबंधी सामग्री बरामद हुई। स्वास्थ्य विभाग ने उक्त सामग्री को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित व्यक्ति से चिकित्सकीय योग्यता एवं क्लिनिक संचालन से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताओं की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।
डॉ. रिकेश शर्मा ने बताया कि बिना वैध डिग्री और आवश्यक अनुमति के चिकित्सा सेवाएं संचालित करना कानून का उल्लंघन है। आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे अवैध क्लिनिकों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद सिहावल क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
न्यूज़ E7 लाइव
रिपोर्टर राजबहोर केवट सिंहावल

