खसरा नक्शा सुधारने कमिश्नर ने जारी किया आदेश
जागरूकता के अभाव में किसानों को नहीं मिल रहा अपेक्षित लाभ
*संजय सिंह मझौली*
कार्यालय कमिश्नर संभाग रीवा के द्वारा संभाग के सभी कलेक्टरों को आदेशित किया गया है जिसमें कहा गया है कि अभियान चला कर मौके की स्थिति के अनुसार खसरा और नक्शा अद्यतन किया जाए।
कार्यालय कमिश्नर का आदेश क्रमांक 4 राजस्व 26/602 दिनांक 22 जून 2026 के तहत कमिश्नर शीलेंद्र सिंह द्वारा आदेशित किया गया है कि मेरे संज्ञान में लाया गया है कि रीवा संभाग के कार्य क्षेत्र के भूमियों से संबंधित खसरा, नक्शा एवं मौके की स्थिति में एकरूपता नहीं है,इसके कारण आम जनता को अपनी भूमियों के बारे में भ्रम की स्थिति बनी रहती है और वे विभिन्न कार्यालय में शिकायत करने पर मजबूर होते हैं,इस कारण आम जनता में शासन की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
आगे कलेक्टरों को संबोधित करते हुए कहा गया है कि आपको विदित है कि राजस्व अधिकारियों का पदीय दायित्व है कि वे राजस्व अभिलेख मौके की स्थिति के अनुसार अद्यतन रखें, इसके लिए किसानों को आवेदन देने की आवश्यकता नहीं है।
ऐसे में आप अपने जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करें कि वे विशेष अभियान चला कर खसरा, नक्शा एवं मौके की स्थिति का मिलान कर अभिलेख अद्यतन करें। और कमिश्नर द्वारा खुद 15 दिवस के अंतराल पर इस कार्य की समीक्षा की जाएगी।
मामले को लेकर मीडिया द्वारा तहसीलदार मझौली से कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि पटवारियों को आदेशित किया गया है और उनके प्रतिवेदन के आधार पर कुछ प्रकरण तैयार किए गए हैं जिनका क्रियान्वयन हो रहा है। लेकिन जिस स्तर में खसरा और नक्शा त्रुटिपूर्ण हैं उस स्तर से प्रकरण नहीं बने हैं जिसके पीछे क्षेत्रीय किसानों के अनुसार कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के संबंध में जन जागरूकता नहीं है अन्यथा एक ही ग्राम से सैकड़ो प्रकरण तैयार हो सकते हैं।अब देखना है इस आदेश का कितना लाभ किसानों को मिल पाता है।
*इनका कहना*
मौके की स्थिति के अनुसार हमारा ही खसरा और नक्शा मिलान नहीं करता है जो त्रुटिपूर्ण है लेकिन उपरोक्त आदेश की जानकारी न होने के कारण ना तो मेरे द्वारा पहल की गई और ना ही हल्का पटवारी द्वारा प्रकरण तैयार किया गया। इतना ही नहीं सिर्फ राजस्व ग्राम ताला में ही लगभग 500 से ज्यादा किसान खसरा नक्शा में विसंगति होने से प्रभावित हैं जहां अभियान चलाना जरूरी है।
*रोहणी प्रसाद बैश किसान ताला*
कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के परिपालन में हल्का पटवरियों को निर्देशित किया गया है और उनके द्वारा कुछ प्रकरण तैयार कर न्यायालय में दिए गए हैं उन पर कार्यवाही जारी है और आगे भी यह कार्यवाही जारी रहेगी।
*दिलीप सिंह तहसीलदार मझौली*

