नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने से हुई मौत, IG से न्याय की गुहार
*1-* नाबालिग से चलवाया ट्रैक्टर
*2-* पलटने से चली गई जान
*3-* परिजनों ने IG से लगाई गुहार
उज्जैन के महिदपुर क्षेत्र में तीन माह पहले ट्रैक्टर पलटने से हुई 17 वर्षीय किशोर की मौत का मामला एकबार फिर सुर्खियों में आ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस महानिरीक्षक को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि नाबालिग से जबरदस्ती ट्रैक्टर चलवाया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। वहीं स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया गया है।
महिदपुर के लाखाखेड़ी निवासी जगदीश वाघेला ने शिकायत में बताया है कि उनका 17 वर्षीय बेटा विशाल गांव के व्यापारी दशरथ परमार की अनाज दुकान पर काम करता था। पिता का कहना है कि उन्होंने कई बार बेटे को काम से हटाने की बात कही थी, क्योंकि उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। आरोप है कि व्यापारी ने नाबालिग विशाल से ट्रैक्टर चलवाकर गेहूं से भरी ट्रॉली मंडी भेज दी। इसी दौरान ट्रैक्टर पलटने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। महिदपुर रोड थाने में मर्ग कायम किया गया, लेकिन ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बना रहा है।

