राजा मुसलमान की बाड़ी में चल रहा था जुए का फड़, पुलिस की दबिश में नौ आरोपी गिरफ्तार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
थाना पाली पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 10 स्थित राजा मुसलमान की बाड़ी में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारकर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, ताश की गड्डियां, दो मोटरसाइकिलें और अन्य सामग्री सहित कुल ₹1,82,210 का मसरूका जब्त किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 13 तथा जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग संगठित रूप से रुपये-पैसों की हार-जीत पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में घनश्याम सोनी, अलीम अली उर्फ पिंटू, आनंद देव मरावी, देवानंद महोबिया, जितेंद्र कुमार लखेरा, रवि कुमार जायसवाल, कईम अहमद, कृष्णकुमार गुप्ता सहित अन्य निवासी बिरसिंहपुर शामिल हैं।
मौके से पुलिस ने 52 पत्तों की दो ताश की गड्डियां, एक चटाई, दो मोटरसाइकिलें तथा जुए में दांव पर लगी ₹32,210 की नगदी जब्त की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹1,82,210 आंका गया है।
पाली थाना प्रभारी वीरेन्द्र यादव के अनुसार सभी आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
थाना पाली पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


