रीवा में खदान में गिरने से महिला की मौत, ट्रैक्टर भी पलटा, ग्रामीणों ने की अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग
रीवा के नौबस्ता गांव में मंगलवार सुबह एक महिला की खदान में गिरने से मौत हो गई। हादसा बैजनाथपुर क्षेत्र के पास हुआ, जहां पिछले कई महीनों से अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। महिला के खदान में गिरने के बाद एक ट्रैक्टर भी पलट गया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। मृतक महिला की पहचान सुमित्रा केवट (35) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी मात्रा में पत्थरों का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जाता है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। जिस पर प्रशासन लगाम नहीं लगा पा रहा है। पुलिस के मुताबिक वह अवैध उत्खनन के लिए खदान क्षेत्र में गई थी, जहां गहरी खदान में गिरने से उसकी मौत हो गई।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और अवैध खनन के पहलू पर भी कार्यवाही की जाएगी।

