सिलेंडर संकट पर फूटा गुस्सा,राज्य मंत्री का काफिला रोका, सड़क पर उतरे लोग, घंटों जाम से थमा यातायात
एमपी के सीधी जिले के पडैनिया क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने आखिरकार जनाक्रोश का रूप ले लिया। लंबे समय से गैस आपूर्ति बाधित होने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा उस वक्त सड़कों पर फूट पड़ा, जब उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य मंत्री के काफिले को बीच सड़क पर रोक दिया। अचानक हुए इस विरोध से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वही प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर प्रशासन और आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। आम लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
वही जैसे ही घटना की सूचना प्रशासन को मिली, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद किसी तरह लोगों को शांत कराया गया और रास्ता खाली कराया जा सका।
हालांकि अब इस दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासन की सूझबूझ से मामला बिगड़ने से बच गया। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है और यह साफ कर दिया है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जनआक्रोश कभी भी बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

