संदिग्ध मौत या साजिश? खुटेली में विवाहिता का फंदे पर मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप
एमपी के सीधी जिले के जनपद सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटेली में शुक्रवार सुबह एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका साधना विश्वकर्मा, पति पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, का शव सुबह करीब 8:00 बजे घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतिका के परिजनों द्वारा तत्काल इसकी सूचना थाना बहरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही तहसीलदार इंद्रभान सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
वही मृतका के भाई शिवम् विश्वकर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही साधना को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ, जिसे गांव के लोगों ने समझौते के जरिए शांत कराया था। शिवम् ने भावुक होकर बताया कि “आज मेरे घर तिलक का कार्यक्रम है, लेकिन मुझे यहां आना पड़ा क्योंकि मेरी बहन की जान चली गई।”
अब परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके। मृतका की एक दो साल की मासूम बच्ची भी है, जो अब मां के साए से वंचित हो गई है।
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बहरी अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वही फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर दहेज और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।

