संजय टाइगर रिजर्व के दुआरी पहाड़ में लगी आग, कई एकड़ वन क्षेत्र प्रभावित
कुसमी। संजय टाइगर रिजर्व के टमसार रेंज अंतर्गत दुआरी ग्राम के समीप स्थित पहाड़ में भीषण आग लगने से वन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। बताया जा रहा है कि दुआरी-कुसमी मार्ग के ठीक किनारे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में आग तेजी से फैल गई, जिससे कई एकड़ क्षेत्र में लगे वन पौधे एवं प्राकृतिक वनस्पतियां जलकर नष्ट हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के बाद भी वन विभाग का अमला समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। ग्रामीणों का कहना है कि फायर वॉचर एवं वनकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण आग पर तत्काल नियंत्रण नहीं हो पाया, जिससे आग लगातार फैलती रही और वन क्षेत्र को व्यापक क्षति पहुंची।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी और सूखे मौसम के चलते जंगल में लगी आग तेजी से फैल रही है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास के अन्य वन क्षेत्रों को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा आग बुझाने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
वन विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने के बाद ही वास्तविक क्षति की जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल क्षेत्र में आग की घटना से ग्रामीणों एवं पर्यावरण प्रेमियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

