---Advertisement---

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों की समस्या सुनी, खाद वितरण केंद्र पहुंचे, सरकार पर साधा निशाना

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों की समस्या सुनी, खाद वितरण केंद्र पहुंचे, सरकार पर साधा निशाना

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार की सुबह अचानक जिला मुख्यालय स्थित विपणन संघ के खाद वितरण केंद्र पहुंच गए। यहां उन्होंने मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा। किसानों ने बताया कि उन्हें खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो रही है, जिस कारण फसलों की बोवाई और देखभाल प्रभावित हो रही है। इस पर पटवारी ने मौके से ही कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप संचालक एसएस मरावी को फोन कर तत्काल खाद उपलब्ध कराने की बात कही।

 

इस मौके पर किसानों ने बताया कि खाद वितरण के दौरान उन्हें जिंक युक्त उर्वरक जबरन दिया जा रहा है, जबकि उनकी मुख्य जरूरत यूरिया की है। किसानों की बात सुनकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और कहा कि सरकार किसानों की तकलीफों से पूरी तरह बेखबर है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का किसान, छात्र और कर्मचारी सभी परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय नजरअंदाज कर रही है।

 

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार गरीब, किसान और आम जनता की नहीं सुनती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मोर्चे पर किसानों के साथ खड़ी है और उनकी लड़ाई सड़कों से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस आने वाले समय में उनके अधिकारों और सुविधाओं के लिए मजबूत आवाज उठाएगी।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने किसानों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही से किसान बेहाल हैं।

बुलेट से पहुंचे केंद्र, यातायात नियम का किया उल्लंघन

 

किसानों से मुलाकात के दौरान जीतू पटवारी का एक अलग अंदाज भी सामने आया। वे जिला मुख्यालय स्थित घांघरी नाका से विपणन संघ के खाद वितरण केंद्र बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टोली भी मौजूद थी। इस दौरान उन्होंने नगर का सैर भी किया।

 

हालांकि, बुलेट की सवारी करते समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। यातायात नियमों का यह उल्लंघन साफ नजर आया। इसको लेकर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा भी होती रही।

 

कुल मिलाकर, जीतू पटवारी का यह दौरा किसानों की समस्याओं पर फोकस करने वाला रहा। उन्होंने जहां किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया, वहीं प्रदेश सरकार पर जमकर हमला भी बोला।

 

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn