---Advertisement---

ताले में बंद था सरकारी बंगला, चोर काट ले गए चंदन का पेड़,बांधवगढ़ में सुरक्षा पर बड़े सवाल

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

ताले में बंद था सरकारी बंगला, चोर काट ले गए चंदन का पेड़, बांधवगढ़ में सुरक्षा पर बड़े सवाल

उमरिया तपस गुप्ता 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर वन परिक्षेत्र से सामने आई एक हैरान करने वाली घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद वन विभाग के कंधों पर है, वहीं चोरों ने बेखौफ होकर धावा बोल दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर किसी सामान पर नहीं, बल्कि सरकारी बंगले के परिसर में लगे कीमती चंदन के पेड़ पर हाथ साफ कर गए। घटना सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार मानपुर वन परिक्षेत्र में स्थित शासकीय बंगला वन परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार के स्थानांतरण के बाद से खाली पड़ा हुआ था। बंगले में ताला लगा था, जबकि परिसर में चंदन, सागौन सहित कई मूल्यवान वृक्ष मौजूद थे। सूनेपन का फायदा उठाकर अज्ञात चोर पहले सागौन का पेड़ काट ले गए और फिर चंदन के पेड़ को भी काटकर आसानी से फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब विभागीय अधिकारियों की नजर कटे हुए पेड़ों पर पड़ी।

सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरी की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिसर का जायजा लिया गया। इसके बाद सहायक संचालक मानपुर नितिन निगम ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

चंदन की लकड़ी देश की सबसे महंगी और बहुमूल्य वन संपदाओं में गिनी जाती है। इसकी तस्करी के कई मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं, लेकिन वन विभाग के शासकीय बंगले के भीतर से चंदन का पेड़ चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि जब वन विभाग की सरकारी संपत्ति ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों और जंगलों में मौजूद बहुमूल्य वन संपदा की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सहायक संचालक नितिन निगम ने बताया कि शासकीय बंगले के परिसर से चंदन का पेड़ चोरी होने की सूचना पुलिस को दे दी गई है। विभाग मामले की हर पहलू से जांच कर रहा है और दोषियों की पहचान के लिए पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है।

अब निगाहें पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि इस चोरी का जल्द खुलासा होता है तो यह न केवल चंदन तस्करों तक पहुंचने में मदद करेगा, बल्कि भविष्य में सरकारी परिसरों और बहुमूल्य वन संपदा की सुरक्षा के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
यह भी पढ़ें विधानसभा सत्र शुरू होने से पूर्व,विश्वविद्यालय स्थापना हेतु छात्रों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
विधानसभा सत्र शुरू होने से पूर्व,विश्वविद्यालय स्थापना हेतु छात्रों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

विधानसभा सत्र शुरू होने से पूर्व,विश्वविद्यालय स्थापना हेतु छात्रों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन...

Share & Earn