तेज रफ्तार का कहर: सड़क छोड़ पेड़ से जा टकराया बल्कर, चालक गंभीर घायल, बड़ा हादसा टला
सीधी। जिले के टिकरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकरा में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार एक बल्कर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि बल्कर उस समय खाली था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुई। बल्कर वाहन सीधी से टिकरी की ओर जा रहा था। ग्राम सिकरा के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बल्कर मुख्य सड़क से नीचे उतरकर सीधे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बल्कर काफी तेज गति से आ रहा था। अचानक वह अनियंत्रित हुआ और सड़क छोड़कर नीचे उतर गया। हादसे का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन तेज रफ्तार की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
टिकरी चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे उतर गया और पेड़ से टकरा गया। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
बताया गया है कि यह बल्कर वाहन फैक्ट्री में राखड़ (फ्लाई ऐश) लेने जा रहा था। उस समय वाहन खाली था, जिसके कारण किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। यदि वाहन में भारी लोड होता या सामने से कोई अन्य वाहन आ जाता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

