बच्ची को लालच के जाल में फंसाकर खेत में ले गया, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना ने इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पैसों का लालच देकर 8 वर्षीय बच्ची को गांव के बाहर खेत में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को पैसा का प्रलोभन किया और बातचीत के बहाने उसे खेत की ओर ले गया। सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता किसी तरह वहां से निकली और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई।
परिजनों ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। मानपुर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी राजेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी रवि सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और उसे हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि भरोसे का गलत इस्तेमाल कर इस तरह की वारदात करना गंभीर अपराध है और दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।


