तहसील परिसर में मनमानी वसूली पर एसडीएम की सख्ती, दुकानों और रजिस्ट्री लेखकों की जांच, रेट लिस्ट लगाने के निर्देश
रामपुर नैकिन। आम नागरिकों को पारदर्शी और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय परिसर के बाहर संचालित दुकानों एवं रजिस्ट्री लेखकों के कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेवाओं के बदले लिए जा रहे शुल्क की जानकारी ली गई तथा सभी दुकानदारों और सेवा प्रदाताओं को अपनी-अपनी रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्री लेखकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लाइसेंस भी जांचे गए। अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर सेवाओं के शुल्क को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस पर तत्काल रेट लिस्ट लगाने और निर्धारित शुल्क के अनुसार ही सेवाएं देने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद ने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक पेज का साधारण आवेदन लिखने के लिए भी आवेदकों से 100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जो कि अत्यधिक है। आम जनता को अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को उचित दर पर सेवाएं मिलनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ दुकानों के पास नगर पालिका की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं थी। ऐसे दुकानदारों को शीघ्र NOC प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी सेवा प्रदाताओं से कहा गया है कि वे अपने यहां आने वाले आवेदकों के लिए बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।
एसडीएम विकास कुमार आनंद की इस पहल को आम नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में पारदर्शिता बढ़ेगी, मनमानी वसूली पर अंकुश लगेगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

