गुरु रविदास जी के विचार सामाजिक समरसता और मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : विश्वामित्र पाठक

सिहावल -: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र सिहावल में श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। विधायक श्री विश्वामित्र पाठक की अगुआई में बहरी, मायापुर एवं पतुलखी में भव्य कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संत रविदास जी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

 

वहीं कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज का संपूर्ण जीवन मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का जीवंत संदेश है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने के साथ ही एकजुटता, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

 

विधायक श्री पाठक ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज ने ऐसे समाज की परिकल्पना की थी, जहां जाति, वर्ग अथवा किसी भी प्रकार के भेदभाव के आधार पर किसी के साथ अन्याय न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान तथा समान अवसर प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण, व्यवहार और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

 

उन्होंने कहा कि समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज को मजबूत बनाने का आधार है। हमें मिल-जुलकर ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जिसमें हर व्यक्ति सम्मान के साथ आगे बढ़ सके और समाज में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव और मजबूत हो।

 

जयकारों से गूंजा क्षेत्र

 

कलश वंदन यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के जयकारों के साथ यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, समानता, आपसी भाईचारे और समरसता का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

 

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाण्डेय, पुष्पराज सिंह, श्यामलाल यादव, पंचराज वर्मा, गंगा साकेत, दिलीप सोनी, अनिल पाण्डेय, नीरज सिंह, प्रमोद शर्मा, संजय सिंह, रितेश गुप्ता, विपिन बिहारी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय आत्मीयजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment